रायपुर विस्फोटक मामला: महापौर के साले विनय देवांगन गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विनय देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है। विनय देवांगन को रायपुर महापौर का साला बताया जा रहा है। मामले की जांच के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के मुताबिक, रावाभाठा इलाके में एक बैग में संदिग्ध सामग्री मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान बैग से कम क्षमता वाले विस्फोटक पदार्थ और बम बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री बरामद की गई।
पुलिस जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विनय देवांगन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने आत्महत्या के लिए बम बनाने की बात कही है, हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।










