फर्जी सोने की माला को असली समझकर झपटी, रील बनाने निकले यूट्यूबर गिरफ्तार
कांकेर। जिले के दुर्गकोंदल क्षेत्र में सोशल मीडिया पर रील बनाकर वायरल होने की चाह में दो युवकों ने ऐसा कारनामा किया कि उन्हें जेल की हवा खानी पड़ गई। पुलिस ने दो यूट्यूबरों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने लोगों को भ्रमित करने और सनसनीखेज रील बनाने के लिए नकली सोने की माला को असली बताकर झपटमारी की घटना का वीडियो तैयार किया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से फर्जी घटना को अंजाम दिया। उन्होंने एक नकली सोने की माला का इस्तेमाल किया और उसे असली बताकर झपटमारी जैसा दृश्य तैयार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि पूरी घटना केवल रील बनाने और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से रची गई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










