रायपुर में दिनदहाड़े 10 लाख की लूट, चाकू की नोक पर अकाउंटेंट से नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हुए बदमाश
रायपुर: राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में 10 लाख रुपये की लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने ठेकेदार के अकाउंटेंट को रास्ते में रोक लिया और चाकू दिखाकर उसके पास मौजूद करीब 10 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, अकाउंटेंट नकदी लेकर जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे बीच रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने चाकू से धमकाकर नकदी से भरा बैग छीना और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










