बिलासपुर के बाल सुधार गृह में युवक की संदिग्ध मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बिलासपुर। सरकंडा स्थित बाल सुधार गृह में दुष्कर्म के मामले में लाए गए एक बाल अपचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद सुधार गृह की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक रायगढ़ जिले का रहने वाला था और उसे 15 अगस्त को बाल सुधार गृह लाया गया था। सुधार गृह पहुंचने के कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
घटना के बाद बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। संवेदनशील परिसर में बंदियों की नियमित निगरानी किस तरह की जाती है और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद युवक की मौत कैसे हुई, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी बाल सुधार गृह में चार बंदियों द्वारा एक कर्मचारी की हत्या कर फरार होने की घटना सामने आ चुकी है। बाद में पुलिस ने चारों को पकड़ लिया था। अब एक बार फिर सुधार गृह के भीतर हुई संदिग्ध मौत ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सरकंडा थाना पुलिस जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।









