बस्तर-कांकेर में खत्म हो रहा भय का माहौल, शांति और विश्वास की नई बयार : सीएम साय
रायपुर/कांकेर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर और कांकेर का क्षेत्र लंबे समय तक नक्सलवाद के प्रभाव से प्रभावित रहा, लेकिन अब यहां परिस्थितियों में बदलाव देखने को मिल रहा है। जिन इलाकों में कभी भय और असुरक्षा का वातावरण था, वहां अब शांति, विश्वास और विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है।
मुख्यमंत्री सोमवार को कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी का ग्रामीणों और विद्यार्थियों के साथ श्रवण किया।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बदल रहे हालात
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इच्छाशक्ति, सुरक्षा बलों के जवानों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग से छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर और कांकेर के कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां पहले लोगों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल रहता था। अब सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ इन क्षेत्रों में विकास के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर संभाग के दूरस्थ इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, संचार और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य शांति के साथ क्षेत्र में विकास और समृद्धि को गति देना है।
‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का जिक्र
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख किया। सीएम साय ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि मुनगा पोषण का महत्वपूर्ण स्रोत है और इसके पत्ते, फल व फूल भोजन में इस्तेमाल किए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने तथा इसके पोषण संबंधी लाभों के बारे में लोगों को जागरूक करने की अपील की।
लामकन्हार को 85 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने ग्राम लामकन्हार में विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 85 लाख रुपये की घोषणाएं कीं। इनमें शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन के लिए 37 लाख रुपये, छोटे पारा में सीसी रोड के लिए 18 लाख रुपये तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पुस्तकालय और प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपये शामिल हैं।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण
‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री साय ने एकलव्य विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अमरूद का पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।











