Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, टेबल के नीचे गिरा; घबराकर बच्चे पहुंचे घर, ग्रामीणों में आक्रोश

शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, टेबल के नीचे गिरा; घबराकर बच्चे पहुंचे घर, ग्रामीणों में आक्रोश

शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, टेबल के नीचे गिरा; घबराकर बच्चे पहुंचे घर, ग्रामीणों में आक्रोश

 

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा ब्लॉक से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत परसदा स्थित नवीन प्राथमिक शाला संजय नगर में पदस्थ शिक्षक के कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने की घटना सामने आई है। शिक्षक की हालत देखकर स्कूल में मौजूद बच्चे घबरा गए और विद्यालय से बाहर निकलकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

 

कुर्सी पर बैठने के दौरान बिगड़ा संतुलन

 

जानकारी के अनुसार, शिक्षक ललित भारद्वाज शनिवार को कथित रूप से शराब के नशे में विद्यालय पहुंचे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, उनकी हालत इतनी खराब थी कि वे लड़खड़ाते हुए स्टाफ रूम पहुंचे। कुर्सी पर बैठने की कोशिश के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे टेबल के नीचे गिर गए। इसके बाद वे काफी देर तक वहीं पड़े रहे।

 

शिक्षक को इस हालत में देखकर बच्चे डर गए। वे स्कूल से बाहर निकलकर अपने घर पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चों के परिजन स्कूल परिसर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, उस समय शिक्षक टेबल के नीचे ही पड़े थे और उठ नहीं पा रहे थे। लोगों ने उन्हें उठाने का प्रयास भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

 

डेढ़ से दो घंटे बाद उठे शिक्षक

 

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब डेढ़ से दो घंटे बाद शिक्षक खुद उठकर जमीन पर बैठ पाए। इसके बाद वे काफी देर तक जोर-जोर से बड़बड़ाते रहे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में है।

 

स्कूल में 22 बच्चे दर्ज

 

नवीन प्राथमिक शाला संजय नगर में कुल 22 बच्चे दर्ज हैं। स्कूल में शिक्षक ललित भारद्वाज के साथ प्रधानपाठक अनुसुइया कंवर पदस्थ हैं। घटना वाले दिन प्रधानपाठक स्कूल में मौजूद नहीं थीं। ग्रामीणों को बताया गया कि वे संकुल केंद्र पहरिया में प्रशिक्षण के लिए गई थीं।

 

बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित

 

घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि शिक्षक नशे की हालत में विद्यालय पहुंचते हैं तो इससे बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई दोनों प्रभावित हो सकते हैं। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

 

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

 

नईदुनिया की रिपोर्ट के अनुसार, बलौदा ब्लॉक में शिक्षकों के नशे की हालत में स्कूल पहुंचने से जुड़े मामले पहले भी सामने आए हैं। रिपोर्ट में लेवई प्राथमिक शाला की शिक्षिका हीराबाई पोर्ते और नवापारा (ख) मिडिल स्कूल के प्रधानपाठक अरविंद साव के खिलाफ नशे की हालत में विद्यालय में पाए जाने के मामले में निलंबन की जानकारी दी गई है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

 

ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में केवल औपचारिक कार्रवाई के बजाय विभागीय स्तर पर नियमित निरीक्षण और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। अब पूरे मामले में शिक्षा विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जाने आज का राशि फल