डीजल नहीं मिलने पर किसानों का अनोखा प्रदर्शन, रस्सियों से ट्रैक्टर खींचकर पहुंचे एसडीएम कार्यालय
बस्तर। बस्तर जिले में किसानों ने अपनी समस्या को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। खेत में जुताई के दौरान ट्रैक्टर का डीजल खत्म होने के बाद किसानों को कंटेनर में डीजल नहीं दिया गया। इससे नाराज किसानों ने ट्रैक्टर को रस्सियों से बांधकर करीब छह किलोमीटर तक खींचा और एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रशासन से शिकायत की।
किसानों का आरोप है कि पेट्रोल पंप संचालक ने सरकारी नियमों का हवाला देते हुए कंटेनर में डीजल देने से इनकार कर दिया। इसके चलते खेती का काम प्रभावित हुआ और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विरोध दर्ज कराने के लिए किसानों ने ट्रैक्टर को रस्सियों से खींचते हुए एसडीएम कार्यालय तक ले जाकर प्रशासन का ध्यान अपनी समस्या की ओर आकर्षित किया।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खेती-किसानी के कार्यों के लिए डीजल उपलब्ध कराने की स्पष्ट व्यवस्था बनाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो। वहीं प्रशासन ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।










