झारखंड के 49 लाख के इनामी 8 नक्सलियों ने बस्तर में किया आत्मसमर्पण, कभी माओवादी फैक्ट्री में बने थे ‘मानव हथियार’
बीजापुर में झारखंड में सक्रिय 49 लाख रुपये के कुल इनामी आठ नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। आत्मसमर्पण करने वालों में दो डिविजनल कमेटी सदस्य (DVCM) सहित कई हार्डकोर कैडर शामिल हैं, जिन्होंने कभी बस्तर के गंगालूर क्षेत्र में माओवादी संगठन के लिए प्रशिक्षण लेकर सक्रिय भूमिका निभाई थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली लंबे समय से झारखंड में संगठन की गतिविधियों में शामिल थे और उन पर कुल 49 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सरकार की पुनर्वास नीति और लगातार चल रहे सुरक्षा अभियानों से प्रभावित होकर उन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़ने का निर्णय लिया।
सुरक्षा एजेंसियों ने इसे नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता बताया है। अधिकारियों का कहना है कि लगातार हो रहे आत्मसमर्पण से नक्सली संगठन कमजोर हो रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं विकास की प्रक्रिया को मजबूती मिल रही है।










