अमरकंटक एक्सप्रेस के स्लीपर यात्रियों को बड़ी राहत, अब किराये पर मिलेगी बेडरोल सुविधा
रायपुर। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे ने दुर्ग-भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस के स्लीपर कोच यात्रियों के लिए पेड बेडरोल सेवा शुरू की है। अब स्लीपर क्लास में सफर करने वाले यात्री अपनी जरूरत के अनुसार चादर और तकिया किराये पर लेकर आरामदायक यात्रा कर सकेंगे।
रेलवे की इस नई सुविधा के तहत यात्री अलग-अलग पैकेज का चयन कर सकते हैं। एक चादर 40 रुपये, तकिया 30 रुपये और चादर व तकिया का संयुक्त पैकेज 70 रुपये में उपलब्ध होगा। सभी बेडरोल साफ-सुथरे और स्वच्छता मानकों के अनुसार उपलब्ध कराए जाएंगे।
रेलवे का मानना है कि इस पहल से स्लीपर क्लास में यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और उन्हें अपने साथ बिस्तर ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह सेवा फिलहाल अमरकंटक एक्सप्रेस में शुरू की गई है और यात्रियों की प्रतिक्रिया के आधार पर भविष्य में अन्य ट्रेनों में भी इसका विस्तार किया जा सकता है।










