जेल से छूटते ही निकाली गुंडागर्दी की रैली, पुलिस ने 9 आरोपियों को दबोचा
बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में जेल से रिहा हुए आरोपियों द्वारा शक्ति प्रदर्शन और दहशत फैलाने के उद्देश्य से निकाली गई रैली पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जेल से छूटने के बाद समर्थकों के साथ रैली निकालकर क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बनाने की कोशिश की थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि रैली के दौरान आरोपियों और उनके समर्थकों ने वाहनों के काफिले के साथ सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग किया और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और आम लोगों में दहशत फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।










