भिलाई स्टील प्लांट स्क्रैप चोरी का मास्टरमाइंड संजय सिंह यूपी के देवरिया से गिरफ्तार
भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से करीब 250 टन लौह स्क्रैप चोरी के बहुचर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड संजय सिंह को उत्तर प्रदेश के देवरिया से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, संजय सिंह इस संगठित स्क्रैप चोरी गिरोह का प्रमुख आरोपी है। जांच एजेंसियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से पूरे नेटवर्क, चोरी के तरीके और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।
इस मामले में इससे पहले पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और करीब 250 टन चोरी का लौह स्क्रैप समेत करोड़ों रुपये की सामग्री व वाहन जब्त किए गए थे। संजय सिंह का बेटा अभय सिंह अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।











