भिलाई में साइबर ठगी पर बड़ा एक्शन, 26 म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार
भिलाई। साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भिलाई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 म्यूल अकाउंट धारकों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी से हासिल रकम को ट्रांसफर और निकालने के लिए किया जाता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को सौंप देते थे। इन खातों के माध्यम से ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में भेजकर उसके स्रोत को छिपाने की कोशिश की जाती थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई बैंक खातों और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि म्यूल अकाउंट साइबर अपराध की पूरी श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं। ऐसे खाताधारकों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और लोगों से अपील की गई है कि किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक या इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी न दें। कमीशन के लालच में बैंक खाता उपलब्ध कराना भी कानूनन अपराध है और इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










