मतांतरण विवाद के बीच कांकेर में बड़ा फैसला, ग्राम सभा ने 14 लोगों के ST प्रमाण पत्र निरस्त करने का प्रस्ताव पारित किया
कांकेर जिले के बड़े तेवड़ा गांव में आयोजित विशेष ग्राम सभा में 14 मतांतरित व्यक्तियों के अनुसूचित जनजाति (ST) प्रमाण पत्र निरस्त करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इन लोगों में गांव के पूर्व सरपंच रजमन सलाम का नाम भी शामिल है। ग्राम सभा का आरोप है कि संबंधित लोगों ने धर्म परिवर्तन के बावजूद ST वर्ग से मिलने वाले लाभों का उपयोग जारी रखा है।
ग्राम सभा में पारित प्रस्ताव को आगे की कार्रवाई के लिए प्रशासन को भेजने का निर्णय लिया गया है। बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि धर्म परिवर्तन के बाद जनजातीय पहचान और उससे जुड़े संवैधानिक लाभों की पात्रता पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
इस फैसले के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप आगे की प्रक्रिया अपनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अंतिम निर्णय संबंधित सक्षम प्राधिकारी द्वारा ही लिया जाएगा।










