छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। चेंद्रा चौकी क्षेत्र के चंद्रमेढा गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां बड़े भाई ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी धर्मदेव टोप्पो और उसकी पत्नी सुषमा का छोटे भाई महेंद्र टोप्पो से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने मिलकर महेंद्र पर ईंट से हमला कर दिया। हमले में महेंद्र के सिर, चेहरे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घायल महेंद्र को पहले सूरजपुर जिला अस्पताल और फिर अंबिकापुर रेफर किया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उसे वापस घर लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सूरजपुर एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
इस वारदात ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जमीन का लालच किस तरह रिश्तों को भी खत्म कर देता है।











