शीर्षक: बिजली दर वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का प्रदेशभर में प्रदर्शन, बिजली कार्यालयों का घेराव
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेशभर में बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव कर प्रदर्शन किया। पार्टी ने बिजली दर वृद्धि, बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करते हुए सरकार पर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में कई बार वृद्धि की गई है, जिससे उपभोक्ताओं पर भारी आर्थिक दबाव पड़ा है। कांग्रेस का आरोप है कि हाल के महीनों में कई उपभोक्ताओं को सामान्य से कई गुना अधिक बिजली बिल मिले हैं और स्मार्ट मीटर के कारण भी लोगों की शिकायतें बढ़ी हैं।
कांग्रेस ने घोषणा की है कि 18 जून को जिला स्तर पर प्रेसवार्ता आयोजित की जाएगी, जबकि जुलाई के पहले सप्ताह में स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर घर-घर अभियान चलाकर आम लोगों से आवेदन एकत्र किए जाएंगे। पार्टी ने सरकार से बिजली दर वृद्धि वापस लेने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की है।










