हाई कोर्ट का सरकार से तीखा सवाल, कहा- “व्यवस्था सही है तो सड़कों पर क्यों घूम रहे मवेशी?”
Chhattisgarh High Court ने प्रदेश में गौशालाओं की स्थिति और सड़कों पर घूम रहे बेसहारा मवेशियों को लेकर राज्य सरकार से कड़ा सवाल पूछा है। कोर्ट ने कहा कि यदि सरकार की ओर से गौशालाओं में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त होने का दावा किया जा रहा है, तो फिर बड़ी संख्या में मवेशी सड़कों पर क्यों नजर आ रहे हैं।
मामले की सुनवाई के दौरान सरकार ने शपथ पत्र पेश कर बताया कि प्रदेश की 142 गौशालाओं में मवेशियों के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इस पर हाई कोर्ट ने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने को कहा।
कोर्ट ने विशेष रूप से बिलासपुर के लाखासार गौधाम की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि सड़क पर घूमते मवेशियों के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
हाई कोर्ट ने राज्य सरकार से इस मामले में ठोस कार्ययोजना पेश करने और गौशालाओं की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई में सरकार को विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।










