बिलासपुर में लॉकअप से हिस्ट्रीशीटर का इंस्टाग्राम लाइव वीडियो वायरल, पुलिस पर उठे सवाल
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक हिस्ट्रीशीटर का पुलिस थाने के लॉकअप से इंस्टाग्राम लाइव वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में आरोपी सिगरेट पीते हुए नजर आ रहा है और खुद को “किंग ऑफ बिलासपुर” बता रहा है।
मामला सकरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां आरोपी पुलिस हिरासत में था। इसके बावजूद उसने लॉकअप के भीतर से ही सोशल मीडिया पर लाइव आकर वीडियो प्रसारित किया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
वीडियो में आरोपी का बेखौफ अंदाज और लॉकअप के भीतर मोबाइल फोन का इस्तेमाल यह संकेत देता है कि सुरक्षा में बड़ी लापरवाही हुई है। घटना के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी का नाम विक्की पांडे है, जो क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर के रूप में जाना जाता है। सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











