मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन को लेकर अंबिकापुर में सियासी घमासान, ओपी चौधरी और सिंहदेव आमने-सामने
अंबिकापुर में मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन के निर्माण में हो रही देरी को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में नेताओं के आपसी विवाद और निर्णयहीनता के कारण परियोजना का काम समय पर आगे नहीं बढ़ सका।
वित्त मंत्री के बयान पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने पलटवार करते हुए आरोपों को निराधार बताया और कहा कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल परियोजना को लेकर कांग्रेस सरकार ने आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की थीं। उन्होंने वर्तमान सरकार पर विकास कार्यों में देरी का ठीकरा विपक्ष पर फोड़ने का आरोप लगाया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन का निर्माण लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ है। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि परियोजना पूरी होने से स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। हालांकि निर्माण कार्य में देरी को लेकर अब यह मुद्दा राजनीतिक बयानबाजी का केंद्र बन गया है।
इस बीच भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जिससे आगामी दिनों में यह मामला और अधिक राजनीतिक रंग पकड़ सकता है।










