छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी शेयर बाजार में उतारने की तैयारी, IPO लाने की प्रक्रिया शुरू
रायपुर। छत्तीसगढ़ की सरकारी बिजली ट्रांसमिशन कंपनी छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) ने पूंजी बाजार में प्रवेश की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। कंपनी अब आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी कर रही है, जिससे वह शेयर बाजार में सूचीबद्ध होकर निवेशकों से पूंजी जुटा सके।
जानकारी के अनुसार, कंपनी अपने ट्रांसमिशन नेटवर्क के विस्तार, नई परियोजनाओं और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन जुटाना चाहती है। इसी उद्देश्य से IPO की संभावनाओं पर काम शुरू किया गया है। इसके लिए विशेषज्ञ एजेंसियों और वित्तीय सलाहकारों की सेवाएं लेने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
अधिकारियों का मानना है कि शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से कंपनी की वित्तीय स्थिति और पारदर्शिता दोनों मजबूत होंगी। साथ ही, भविष्य की बड़ी बिजली परियोजनाओं के लिए पूंजी जुटाने का नया रास्ता भी खुलेगा।
यदि प्रस्तावित योजना सफल रहती है तो CSPTCL देश की उन चुनिंदा सरकारी बिजली ट्रांसमिशन कंपनियों में शामिल हो जाएगी, जिन्होंने पूंजी बाजार के माध्यम से निवेश आकर्षित करने का रास्ता अपनाया है।
कंपनी की ओर से IPO के आकार और समय-सीमा को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन प्रक्रिया प्रारंभ होने से राज्य के बिजली क्षेत्र में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।










