ओडिशा से दिल्ली-प्रयागराज जा रही गांजा तस्करी की बड़ी खेप पकड़े जाने की आशंका, दो तस्कर गिरफ्तार
अंबिकापुर। ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते दिल्ली और प्रयागराज की ओर गांजा ले जाने की सूचना पर सरगुजा और जशपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक टॉप मॉडल स्कॉर्पियो को घेराबंदी कर रोका। वाहन में सवार तीन संदिग्धों में से दो को पुलिस ने करीब तीन किलोमीटर पीछा करने के बाद गन्ने के खेत से पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी फरार हो गया।
पुलिस को देखकर लिंक रोड पर घुसाई स्कॉर्पियो
पुलिस के अनुसार, ओडिशा से गांजा लेकर एक स्कॉर्पियो के छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने की सूचना मिली थी। जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र से वाहन के गुजरने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसका पीछा शुरू किया। इसकी सूचना सरगुजा पुलिस को भी दी गई और लुंड्रा, बतौली, बगीचा तथा रघुनाथपुर पुलिस को घेराबंदी में लगाया गया।
बताया गया कि पुलिस की घेराबंदी देखकर स्कॉर्पियो सवार तीनों लोग बतौली-बगीचा मार्ग से बिलासपुर-रघुनाथपुर लिंक रोड की ओर भागे। बरगीडीह के पास भीड़भाड़ वाला क्षेत्र आने पर उन्होंने वाहन खड़ा कर दिया और पैदल भागने लगे।
तीन किलोमीटर पीछा, गन्ने के खेत में छिपे आरोपी
वाहन छोड़कर भागे तीनों संदिग्धों का पुलिस ने करीब तीन किलोमीटर तक पीछा किया। इसके बाद आरोपी गन्ने के खेत में जाकर छिप गए। पुलिस टीम ने पूरे खेत की घेराबंदी की और तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान दो संदिग्ध पुलिस के हाथ लग गए, जबकि तीसरा आरोपी घने गन्ने का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाके में नाकेबंदी कर दी है।
स्कॉर्पियो की चाबी लेकर फरार हुआ तीसरा आरोपी
पुलिस के लिए फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती जब्त स्कॉर्पियो को खोलना है। पकड़े गए दोनों संदिग्धों के पास वाहन की चाबी नहीं मिली। पूछताछ में उन्होंने बताया कि फरार तीसरा व्यक्ति चाबी लेकर भाग गया है।
पुलिस ने वाहन खोलने के लिए मैकेनिक को बुलाया है। पुलिस को आशंका है कि स्कॉर्पियो में गांजा छिपाकर रखा गया हो सकता है। हालांकि, गांजे की वास्तविक मात्रा वाहन खुलने और तलाशी पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
दिल्ली और प्रयागराज से जुड़ रहे तार
पकड़े गए दोनों संदिग्धों के संबंध दिल्ली और प्रयागराज से होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
पुलिस ने फिलहाल गिरफ्तार किए गए दोनों संदिग्धों के नाम और पते सार्वजनिक नहीं किए हैं।
जशपुर-सरगुजा बना तस्करी का रूट
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि ओडिशा से गांजा जशपुर और सरगुजा के रास्ते उत्तर प्रदेश होते हुए दिल्ली और हरियाणा तक पहुंचाने के लिए इस रूट का इस्तेमाल किया जाता रहा है। तस्कर पुलिस की नजर से बचने के लिए लग्जरी और टॉप मॉडल वाहनों का इस्तेमाल करते हैं।
फिलहाल पुलिस जब्त स्कॉर्पियो की तलाशी और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। वाहन से बरामदगी के बाद ही पूरे मामले में गांजे की मात्रा और तस्करी के नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।










