मिर्च पाउडर फेंककर ₹1.63 लाख लूट मामले में दो आरोपित बरी
बिलासपुर। शहर के कोनी थाना क्षेत्र में वर्ष 2020 में हुई लूट और मारपीट के चर्चित मामले में अदालत ने दो आरोपितों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। मामला बिरकोना रोड पर मिर्च पाउडर फेंककर ₹1 लाख 63 हजार 960 की लूट से जुड़ा था।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में सुनवाई के दौरान पुलिस के कई गवाह अपने बयान से मुकर गए। पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत नहीं होने और आरोप साबित नहीं होने पर कोर्ट ने दोनों आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया।
घटना के समय पीड़ित के साथ मारपीट कर नकदी लूटने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने जांच के बाद दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर अदालत में चालान पेश किया था। हालांकि सुनवाई के दौरान गवाहों के बयान कमजोर पड़ने से अभियोजन पक्ष मामला साबित नहीं कर सका।
कोर्ट ने कहा कि संदेह के आधार पर किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। पर्याप्त और ठोस साक्ष्य के अभाव में दोनों आरोपितों को बरी किया गया।










